AI सीखो — आसान भाषा में 1. AI से बात कैसे करें — सही सवाल पूछने की कला
AI सीखो — आसान भाषा में
1. AI से बात कैसे करें — सही सवाल पूछने की कला
सही सवाल — आधी जीत
तुमने कहा — AI से पूछा लेकिन कुछ ख़ास नहीं मिला।
मैंने पूछा — या तुमने सही सवाल पूछा ही नहीं?
ज़िन्दगी में भी यही होता है —
जो सही सवाल पूछना जानता है — वो सही जवाब पा लेता है। जो सवाल ही नहीं जानता — वो ज़िन्दगी भर ग़लत जवाबों में भटकता रहता है।
एक बच्चा माँ से पूछता है — "कुछ खाना है।"
माँ कुछ भी दे देती है।
वही बच्चा पूछता है — "माँ, आज बहुत थका हूँ, कुछ गरम और हल्का मिलेगा?"
माँ दाल-चावल बना देती है — ठीक वही जो चाहिए था।
सवाल बदला — जवाब बदल गया।
AI के साथ भी यही है।
AI एक विशाल समुद्र है — जिसमें हर चीज़ है। लेकिन समुद्र से मोती निकालने के लिए गहरे उतरना पड़ता है — ऊपर-ऊपर छपछपाने से सिर्फ़ पानी मिलता है।
गहरे उतरने का तरीक़ा है — सही सवाल।
और सही सवाल वो है जिसमें तीन चीज़ें हों —
तुम कौन हो। तुम्हें क्या चाहिए। और कैसा चाहिए।
बस इतना बदलो — और AI का जवाब इतना बदलेगा कि तुम हैरान रह जाओगे।
क्योंकि AI उतना ही देता है जितना तुम माँगते हो —
और ज़िन्दगी भी उतना ही देती है।
तो सवाल ये नहीं है कि AI अच्छा है या बुरा —
सवाल ये है कि तुम्हारा सवाल अच्छा है या बुरा?
ये फ़ैसला तुम्हारा है।
सुबोध 6/4/26
टिप्पणियाँ